Web Series Records: हीरामंडी विदेश में, फर्जी देश में नंबर 1…पर ‘आश्रम’ के आगे सब फेल, जानिए कैसे गिने जाते हैं OTT व्यूज
Indian Web Series OTT Records: 'हीरामंडी', 'फर्जी' या 'आश्रम'... ओवरसीज और भारत में सबसे ज्यादा देखी गई इंडियन वेब सीरीज कौन सी है? जानिए ओटीटी व्यूअरशिप का गणित और आंकड़ों का पूरा सच.
Indian Web Series OTT Records: आजकल जब भी कोई नई वेब सीरीज रिलीज होती है तो मेकर्स और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स तुरंत दावे करने लगते हैं कि “हमारी सीरीज नंबर-1 बन गई”, “इसे करोड़ों लोगों ने देख लिया”, लेकिन एक आम दर्शक के मन में हमेशा ये सवाल रहता है कि आखिरकार दुनियाभर में सबसे ज्यादा देखी जाने वाली भारतीय वेब सीरीज है कौन सी? क्या वो ‘हीरामंडी’ है? ‘फर्जी’ है? या फिर बॉबी देओल की ‘आश्रम’?
इस सवाल का सीधा जवाब जानने के लिए आपको ओटीटी की दुनिया का एक छोटा सा गणित समझना होगा. दरअसल, टीवी की तरह ओटीटी पर टीआरपी (TRP) नापने का कोई एक यूनिवर्सल पैमाना नहीं है. हर प्लेटफॉर्म और रिसर्च एजेंसी अपने-अपने तरीके से व्यूज गिनते हैं. आइए, दुनिया में सबसे ज्यादा देखी जाने वाली भारतीय सीरीज के बारे में जानते हैं और समझते हैं कि कौन सी सीरीज कहां की ‘किंग’ है और व्यूज की गिनती आखिर होती कैसे है!
1. ओवरसीज (विदेश) में सबसे ज्यादा देखी गई भारतीय सीरीज- ‘हीरामंडी’
अगर सवाल ये है कि विदेश में में सबसे ज्यादा किस इंडियन सीरीज को देखा गया? तो इसका साफ और सीधा जवाब है, नेटफ्लिक्स की ‘हीरामंडी: द डायमंड बाज़ार‘. संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी इस पीरियड ड्रामा सीरीज को नेटफ्लिक्स के आधिकारिक डेटा के मुताबिक ओवरसीज में 1.5 करोड़ (15 Million) से ज्यादा बार देखा गया. अगर इसे देखे गए घंटों में बदलें, तो 43 से ज्यादा देशों में इस 7 घंटे लंबी सीरीज को 9 करोड़ घंटे (90.9 Million Hours) से ज्यादा स्ट्रीम किया गया. स्पेनिश और कोरियन शोज के दबदबे के बीच ‘हीरामंडी’ लगातार 4 हफ्तों तक नेटफ्लिक्स की ग्लोबल टॉप-10 लिस्ट में दूसरे नंबर पर बनी रही. बड़े सेट, भव्यता और अंतरराष्ट्रीय अपील की वजह से इसने विदश में भारत का परचम लहराया.
View this post on Instagram
2. भारत में भारत की नंबर-1 सीरीज- ‘फर्जी’
अब आते हैं अपने देश पर. कौन सी भारतीय सीरीज को अपने देश में सबसे ज्यादा देखा गया? इस सवाल का जवाब है शाहिद कपूर और विजय सेतुपति की डार्क कॉमेडी थ्रिलर ‘फर्जी‘. ये प्राइम वीडियो की सीरीज़ है. मीडिया रिसर्च एजेंसी ‘ओरमैक्स’ के डेटा के मुताबिक, ‘फर्जी’ को भारत में रिकॉर्ड 3.71 करोड़ यूनिक दर्शकों ने देखा. इसने प्राइम वीडियो के ‘मिर्जापुर 2’ (3.25 करोड़) और जियो हॉटस्टार (पहले डिज्नी प्लस हॉटस्टार) के ‘रूद्र’ (3.52 करोड़) के पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए. ‘रूद्र‘ में अजय देवगन नजर आए थे. राज और डीके की शानदार कहानी और साउथ-नॉर्थ के स्टार्स के कॉम्बिनेशन ने ‘फर्जी’ को भारत में भारत का नंबर 1 शो बना दिया.
View this post on Instagram
3. फ्री वाले प्लेटफॉर्म पर सबसे बड़ा धमाका: ‘आश्रम’
भारत में एक बहुत बड़ा दर्शक वर्ग ऐसा है जो ओटीटी के लिए पैसे खर्च नहीं करता, बल्कि विज्ञापन के साथ फ्री कंटेंट देखना पसंद करता है. इस फ्री (AVOD) कैटेगरी में बॉबी देओल की ‘आश्रम‘ फ्रेंचाइजी ने ऐसा रिकॉर्ड बनाया है, जिसे तोड़ पाना लगभग नामुमकिन है. अमेज़न एमएक्स प्लेयर पर आई प्रकाश झा की सीरीज ‘आश्रम’ के तीनों सीजन्स को मिलाकर अब तक 25 करोड़ से अधिक दर्शक देख चुके हैं. ‘आश्रम 3’ ने रिलीज होते ही 4 हफ्तों में 3.26 करोड़ व्यूज बटोर लिए थे. टियर-2 और टियर-3 शहरों से लेकर ग्रामीण भारत तक, प्रकाश झा की इस सीरीज ने हर घर में अपनी जगह बनाई.
View this post on Instagram
कैसे गिने जाते हैं OTT के व्यूज?
अब आप सोच रहे होंगे कि ये आंकड़े निकाले कैसे जाते हैं? इसे दो आसान तरीकों से समझिए:-
नेटफ्लिक्स का तरीका (घंटे ÷ रनटाइम): नेटफ्लिक्स अपने प्लेटफॉर्म पर कुल देखे गए घंटों को उस सीरीज की कुल लंबाई से भाग दे देता है. जैसे अगर 10 घंटे की सीरीज को कुल 100 घंटे देखा गया, तो नेटफ्लिक्स बोलेगा कि इसे 10 व्यूज मिले. ये यह नहीं बताता कि कितने अलग-अलग लोगों ने देखा, बल्कि यह बताता है कि लोगों (यानी नेटफ्लिक्स अकाउंट्स) ने उस पर कितना टाइम बिताया.
ओरमैक्स का तरीका: भारत में ओरमैक्स एजेंसी सर्वे करती है. अगर एक ही अकाउंट से घर के 4 लोग टीवी पर सीरीज देख रहे हैं, तो ओरमैक्स उसे 1 नहीं बल्कि 4 ‘अद्वितीय दर्शक’ गिनता है. शर्त बस ये है कि उस दर्शक ने सीरीज का कम से कम एक पूरा एपिसोड देखा हो. ये डेटा सिर्फ भारतीय सीमा के अंदर का होता है.
ये भी पढ़ें-
न आवारापन 2, न बंटवारा 1947 रवीना टंडन ने मार ली बाजी, फिल्म ने 3 दिन में छापे 110 करोड़
पहले वीकेंड ही फुस्स हुई सनी देओल की बंटवारा 1947, 4 हिट्स के बाद क्या विजय रथ पर लगेगा विराम?
ट्रेंड बदल रहा है: फिक्शन को टक्कर दे रहे अनस्क्रिप्टेड शोज
2023 से 2026 के बीच ओटीटी का मिजाज काफी तेजी से बदला है. जहां पहले सिर्फ क्राइम, मर्डर मिस्ट्री और डार्क थ्रिलर का बोलबाला था, वहीं अब रियलिटी शोज और अनस्क्रिप्टेड कंटेंट भी रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं. साल 2026 में कॉमेडियन और डिजिटल कंटेंट के दौर में ‘इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2’ जैसे अनस्क्रिप्टेड शोज ने यूट्यूब की मदद से 3.85 करोड़ दर्शकों का आंकड़ा छूकर बड़ी-बड़ी स्क्रिप्टेड सीरीज को पीछे छोड़ दिया.
सीधा गणित ये है कि अगर पूरी दुनिया में भारत का नाम चमकाने की बात हो, तो ‘हीरामंडी’ सबसे आगे है. वहीं भारत में ‘फर्जी’ नंबर 1 है और अगर फ्री में सबसे ज्यादा देखे जाने वाले शो की बात हो, तो राजा ‘आश्रम’ ही है!




