Daler Mehndi Controversy: दलेर मेहंदी के साथ हुई बदसलूकी पर एकजुट हुई म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री! 10 से ज्यादा दिग्गजों ने उठाई आवाज

Daler Mehndi Controversy: दलेर मेहंदी के साथ हुई बदसलूकी पर एकजुट हुई म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री! 10 से ज्यादा दिग्गजों ने उठाई आवाज

उत्तराखंड में मंत्री सुबोध उनियाल द्वारा मंच पर दलेर मेहंदी को अपमानित करने के मामले में अब पूरा बॉलीवुड और म्यूजिक जगत उनके समर्थन में उतर आया है. जानिए किसने क्या कहा.

Daler Mehndi Controversy: उत्तराखंड के न्यू टिहरी में आयोजित ‘सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले’ के दौरान मशहूर और सीनियर सिंगर दलेर मेहंदी के साथ हुई घटना ने अब पूरे देश और मनोरंजन जगत को झकझोर कर रख दिया है. 59 वर्षीय गायक, जिन्होंने ‘तुनक तुनक तुन’, ‘बोलो ता रा रा’ और ‘हो जाएगी बल्ले-बल्ले’ जैसे एवरग्रीन गानों से तीन दशकों तक संगीत प्रेमियों के दिलों पर राज किया है, उनके साथ राज्य के मंत्री सुबोध उनियाल द्वारा मंच पर की गई बदसलूकी के खिलाफ अब पूरा बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री एक जुट होकर खड़ी हो गई है.

वीडियो वायरल होने के बाद, जिसमें दलेर पाजी अस्वस्थ अवस्था में मंत्री के टोकने पर बेबस होकर ‘सॉरी’ कहते नजर आ रहे थे, इंडस्ट्री के एक से बढ़कर एक दिग्गजों ने मंत्री के इस गैर-जिम्मेदाराना रवैये पर कड़ा एतराज जताया है और दलेर मेहंदी के प्रति एकजुटता और समर्थन व्यक्त किया है. चलिए जानते हैं दलेर मेहंदी के लिए आवाज उठाने वालों की लिस्ट में कौन-कौन है?

अनुपम खेर ने शेयर किया वीडियो

अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा,”दो दिन पहले मैंने एक वीडियो देखा जिसमें दलेर मेहंदी जी मंच पर गा रहे थे और एक मंत्री जी ने उठकर उनसे बेहद अपमानजनक तरीके से बात की. मैं वहां नहीं था, इसलिए पूरा सच नहीं जानता, लेकिन मैं दलेर जी को पिछले 25 से 30 सालों से जानता हूं. वे शराब को हाथ तक नहीं लगाते और वे उन सबसे बेहतरीन इंसानों में से एक हैं जिनसे मैं मिला हूं. मैं निजी तौर पर जानता हूं कि वे पिछले दो-तीन सालों से अस्वस्थ चल रहे हैं. किसी को भी सार्वजनिक मंच पर किसी के साथ इस तरह से बात नहीं करनी चाहिए. किसी पर सरेआम ऐसा झूठा आरोप लगाना बिल्कुल गलत है. दलेर जी, आई एम सो सॉरी.

View this post on Instagram

A post shared by Anupam Kher (@anupampkher)

राजपाल यादव का मंत्री पर सीधा वार

राजपाल यादव ने कहा कि मंत्री जी, ये आचरण आपको शोभा नहीं देता. ऐसा लगता है जैसे आपने कला को खरीद लिया हो, लेकिन कला को कभी खरीदा नहीं जा सकता. कला ही जीवन है, इसलिए जीवन का सम्मान कीजिए और आपकी जानकारी के लिए बता दूं कि दलेर पाजी शराब नहीं पीते हैं. मैंने उनके साथ ‘वेलकम टू द जंगल’ में काम किया है. वे काफी समय से अस्वस्थ चल रहे हैं और हर कोई उन्हें ठीक करने की कोशिश कर रहा है. जिस आवाज ने दशकों तक देश और दुनिया की सेवा की है, उसके लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए था.

भाई मीका सिंह और कपिल शर्मा का समर्थन

दलेर मेहंदी के छोटे भाई और मशहूर सिंगर मीका सिंह ने सबसे पहले इस मुद्दे पर आवाज उठाई और किसी को भी यह साबित करने की चुनौती दी कि उनके बड़े भाई ने कभी शराब को छुआ भी हो. मीका ने खुलासा किया कि दलेर पाजी की हाल ही में एक बड़ी सर्जरी हुई है. कॉमेडियन और अभिनेता कपिल शर्मा ने भी मीका सिंह के इस मैसेज को री-शेयर करते हुए लोगों से संवेदनशीलता दिखाने की अपील की. कपिल ने कहा कि जब कोई इंसान अपनी निजी जिंदगी में किसी गंभीर बीमारी या सर्जरी से गुजर रहा हो, तो लोगों को बिना पूरी बात जाने इस तरह टिप्पणी करने के बजाय अधिक समझदारी और सहानुभूति दिखानी चाहिए.

View this post on Instagram

A post shared by Mika Singh (@mikasingh)

रैपर बादशाह और कॉमेडियन वीर दास ने बताया ‘लेजेंड’

रैपर बादशाह ने दलेर मेहंदी को एक ‘लेजेंड’ बताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि भले ही किसी को किसी परफॉर्मेंस से निराशा हो सकती है, लेकिन किसी वरिष्ठ कलाकार का इस तरह सरेआम सार्वजनिक अपमान करना बेहद दुखद और दिल तोड़ने वाला है. वहीं इंटरनेशनल कॉमेडियन वीर दास ने अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए लिखा कि मेरा पहला इंटरनेशनल शो दुबई में दलेर मेहंदी जी के शो के लिए ही था. इसलिए सिर्फ म्यूजिक ही नहीं, बल्कि कॉमेडी जगत के लोग भी इस महान कलाकार के कर्जदार हैं. वे बेहद विनम्र, मददगार और अद्भुत इंसान हैं. दलेर पाजी, मुझे उम्मीद है कि आप जल्द ठीक होंगे. एक युवा कॉमेडियन की तरफ से आपको दिल से शुक्रिया.”

सोना महापात्रा का अलग सुर

जहां पूरी इंडस्ट्री दलेर मेहंदी के समर्थन में एक सुर में खड़ी नजर आई, वहीं मशहूर सिंगर सोना महापात्रा ने इस पूरे मामले पर एक थोड़ा अलग और संतुलित नज़रिया पेश किया है. सोना महापात्रा ने अपने पोस्ट में कहा कि किसी भी वरिष्ठ कलाकार को उनके योगदान के लिए सम्मान, सहानुभूति और गरिमा मिलनी ही चाहिए, लेकिन इसके साथ ही कलाकारों की अपनी प्रोफेशनल एकाउंटेबिलिटी भी बनती है. सिंगर ने कहा कि हमें अपनी ऑडियंस के प्रति भी थोड़े सम्मान और ईमानदारी की जिम्मेदारी निभानी चाहिए, जो पैसा और उम्मीदें लेकर हमें सुनने आती है.

म्यूजिक इंडस्ट्री के दिग्गजों की आवाज

संगीत जगत के कई अन्य प्रमुख चेहरों ने भी खुलकर अपनी बात रखी, मीका की पोस्ट पर कमेंट करते हुए शान ने लिखा, “दलेर पाजी ओरिजिनल रॉकस्टार हैं! उन्होंने पूरी दुनिया को दिखाया है कि कैसे रॉक और रोर किया जाता है!”

गुरुदास मान: पंजाब के लोकगायक गुरुदास मान ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, “वे एक आइकॉनिक आर्टिस्ट हैं जिन्होंने हमारे संगीत को बहुत कुछ दिया है. सर्जरी के बाद वे अस्वस्थ चल रहे हैं, जो उनकी हालिया परफॉर्मेंस में भी दिखता है, फिर भी उन्होंने अपने फैंस के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाई. हर इंसान सम्मान और करुणा का हकदार है. मेहंदी साब, जीयोदे रहो! वाहेगुरु सबको चढ़दी कला में रखे.”

अलीशा चिनॉय: ‘मेड इन इंडिया’ फेम अलीशा ने नाराजगी जताते हुए लिखा कि दलेर मेहंदी ने अपने दमदार और ऊर्जावान संगीत से आपकी दुनिया को हिलाकर रख दिया है! उन्हें किसी के सामने यह साबित करने की जरूरत नहीं है कि वे गा सकते हैं. हम सभी अपने शो में बैकिंग और माइनस वन ट्रैक्स का इस्तेमाल करते हैं. किसी की इतनी हिम्मत कैसे हो सकती है कि वह स्टेज पर आकर इस तरह उनका अपमान करे. दलेर पाजी, हम सब आपसे प्यार करते हैं.

डॉ. पलाश सेन (यूफोरिया): पलाश सेन ने दलेर पाजी को भांगड़ा का राजा बताते हुए लिखा कि लोग मीम्स और हेडलाइंस देखते हैं, लेकिन मैं एक ऐसे इंसान को देखता हूं जिसने अपनी पूरी जिंदगी, पसीना और आत्मा अपनी संस्कृति को बढ़ाने और खुशी फैलाने में लगा दी. लेजेंड्स भी बीमार पड़ सकते हैं, लेकिन वे शो में न आकर फैंस को निराश नहीं करना चाहते थे. आपने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की. लोग मजाक उड़ा सकते हैं या जज कर सकते हैं, लेकिन कोई भी शोर आपकी विरासत और गरिमा को मिटा नहीं सकता.

जसबीर जस्सी: पंजाबी गायक जसबीर जस्सी ने भी साफ शब्दों में लिखा, “दलेर भाजी शराब नहीं पीते भाई!” इस पूरे घटनाक्रम के बाद अब यह स्पष्ट हो गया है कि मनोरंजन जगत अपने दिग्गज कलाकारों की गरिमा और सम्मान की रक्षा के लिए एक साथ खड़ा है.

कहकशा परवीन
कहकशा परवीन

टीवी 9 डिजिटल हिंदी में बतौर सब एडिटर काम कर रहीं कहकशा परवीन को मीडिया इंडस्ट्री में 6 साल का अनुभव है. इन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन किया है और इलेक्ट्रोनिक मीडिया एंड टीवी प्रोडक्शन में डिप्लोमा किया है. कहकशा ने अपने करियर की शुरुआत बतौर रिपोर्टर की थी. इसके बाद नवोदया टाइम्स में मनोरंजन सेक्शन में कंटेंट लिखना और सेलिब्रेटिजी के इंटरव्यू लेती रही हैं. एबीपी नेटवर्क में भी कहकशा बतौर सब एडिटर मनोरंज की खबरें लिखती रही हैं. इन्हें ट्रैवल, फैशन, लाइफस्टाइल और एंटरटेनमेंट में लिखने और पढ़ने का शौक है.

Read More