Udta Teer: इंडियन मैप पर खून वाले शॉट पर चली कैंची, ‘उड़ता तीर’ को मिला सेंसर सर्टिफिकेट
Udta Teer: आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की फिल्म 'उड़ता तीर' जल्द ही रिलीज होने वाली है. इस फिल्म को अब सेंसर बोर्ड ने U/A 13+ सर्टिफिकेट दिया है और एक सीन पर कट लगाया है.
Udta Teer: आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की फिल्म ‘उड़ता तीर’ इस वक्त चर्चा में बनी गई है. फिल्म को रिलीज होने में सिर्फ 2 दिन बचे हैं. अब फिल्म ने सेंसर बोर्ड वाली प्रक्रिया भी पूरी कर ली है. हालांकि, फिल्म को सर्टिफिकेट देने से पहले केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने कुछ बदलाव करने के निर्देश दिए हैं. खास बात यह है कि फिल्म में सिर्फ एक बड़े सीन पर कट लगाने को कहा गया, जबकि इसके डायलॉग और एक्शन सीन्स में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया.
उड़ता तीर को सेंसर बोर्ड ने U/A 13+ सर्टिफिकेट दिया है. फिल्म में सबसे बड़ा बदलाव उस सीन को लेकर किया गया, जिसमें भारत के नक्शे पर खून दिखाई देता है. सेंसर बोर्ड ने मेकर्स को इस शॉट को हटाने का निर्देश दिया. साथ ही, कट के बाद सीन में निरंतरता बनाए रखने के लिए इससे पहले वाले शॉट को थोड़ा लंबा करने के लिए कहा गया.
डिस्क्लेमर जोड़ने के दिए निर्देश
इसके अलावा, फिल्म के पांच सीन्स में Smoking Kills यानी धूम्रपान जानलेवा है, का डिस्क्लेमर जोड़ने के निर्देश दिए गए. वहीं, शराब पीने वाले एक सीन में शराब के सेवन से जुड़ा डिस्क्लेमर भी लगाने को कहा गया. राहत की बात यह रही कि फिल्म के डायलॉग और एक्शन सीन्स में किसी तरह की काट-छांट नहीं की गई.
2 घंटे 17 मिनट की है फिल्म
सेंसर बोर्ड के बताए गए बदलाव पूरे करने के बाद उड़ता तीर को रिलीज के लिए मंजूरी मिल गई. सेंसर सर्टिफिकेट के मुताबिक, फिल्म की कुल लंबाई 137.41 मिनट है. यानी दर्शकों को यह फिल्म 2 घंटे, 17 मिनट और 41 सेकंड तक हंसाने और मनोरंजन करने वाली है.
आयुष्मान खुराना और सारा अली खान आएंगे नजर
उड़ता तीर में आयुष्मान खुराना और सारा अली खान मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म में दिवंगत अभिनेता मुकुल देव समेत कई अन्य कलाकार भी हैं. फिल्म की कहानी और निर्देशन आकाश ए. कौशिक ने संभाला है. फिल्म का निर्माण करण जौहर, अदार पूनावाला और अपूर्व मेहता की धर्मा प्रोडक्शंस ने किया है. इसके साथ ही गुनीत मोंगा कपूर और अचिन जैन की सिख्या एंटरटेनमेंट भी इस प्रोजेक्ट से जुड़ी है. फिल्म 23 अक्तूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है.




