सऊदी में हमला, भारतीय की मौत…भारत ने की कड़ी निंदा, कहा- हरसंभव करेंगे मदद

सऊदी में हमला, भारतीय की मौत…भारत ने की कड़ी निंदा, कहा- हरसंभव करेंगे मदद

सऊदी अरब में हुए हमले की भारत ने कड़ी निंदा की है. इस हमले में भारतीय नागरिक की मौत हो गई है और कई घायल हैं. रणधीर जायसवाल ने कहा कि रियाद स्थित भारतीय दूतावास सऊदी अधिकारियों के संपर्क में है.

भारत ने सऊदी अरब में सिविलियन और एनर्जी इंफ्रास्ट्र्क्चर पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की है. इनमें 21 अक्टूबर को दम्माम स्थित किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और पूर्वी प्रांत में सऊदी अरामको के शायबा तेल क्षेत्र पर हुए हमले भी शामिल हैं. इन हमलों में एक भारतीय नागरिक की मौत हुई है, जबकि दो अन्य भारतीय नागरिक घायल हुए हैं. वहीं, शायबा तेल क्षेत्र पर हुए हमले में एक अन्य भारतीय नागरिक घायल हुआ है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि रियाद स्थित भारतीय दूतावास सऊदी अधिकारियों के संपर्क में है और हर संभव मदद करेगा.

इसके अलावा उन्होंने भारत और पोलैंड की रणनीतिक साझेदारी पर बात करते हुए कहा कि पीएम मोदी और पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क के बीच व्यापक बातचीत, व्यापार, रक्षा, तकनीक और आतंकवाद के खिलाफ सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी है. दोनों देशों ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार दोगुना करने का लक्ष्य तय किया है. उन्होंने बताया कि पोलैंड ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सदस्यता की दावेदारी का समर्थन दोहराया और 2028-29 के लिए अस्थायी सदस्यता की उम्मीदवारी का भी समर्थन किया है.

भारत यात्रा पर हैं पोलैंड के PM

दरअसल, पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क 21 से 23 अक्टूबर तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं. उनके साथ करीब 100 प्रमुख कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और उद्योग प्रतिनिधियों सहित एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है. रणधीर जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने पोलिश कंपनियों को भारत में निवेश और कारोबार बढ़ाने का निमंत्रण दिया. वहीं, प्रधानमंत्री टस्क ने पोलैंड को मध्य और पूर्वी यूरोप सहित व्यापक यूरोपीय बाजार में विस्तार करने वाली भारतीय कंपनियों के लिए प्रवेश द्वार बताया. इसके अलावा दोनों देशों ने कृषि क्षेत्र में व्यापार और सहयोग बढ़ाने के लिए द्विपक्षीय कार्य समूह की गतिविधियां फिर शुरू करने पर सहमति जताई.

AI, सेमीकंडक्टर और क्वांटम तकनीक में संयुक्त शोध

रणधीर जायसवाल ने बताया कि भारत और पोलैंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सेमीकंडक्टर और क्वांटम तकनीक के क्षेत्र में संयुक्त शोध करेंगे. उन्होंने यह भी बताया कि दोनों देशों के स्टार्टअप इकोसिस्टम के बीच साझेदारी बढ़ाई जाएगी और उद्योगों, शोध संस्थानों और इनोवेशन से जुड़े संस्थानों के बीच सहयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा. पीएम मोदी और डोनाल्ड टस्क ने माना कि डिजिटल तकनीक और AI आर्थिक विकास, उत्पादकता बढ़ाने और सरकारी सेवाओं की आपूर्ति को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं.

अंतरिक्ष, ऊर्जा और महत्वपूर्ण खनिज

पीएम मोदी और डोनाल्ड टस्क की बातचीत में अंतरिक्ष क्षेत्र में सहयोग को रणनीतिक साझेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया गया. दोनों देशों ने संस्थागत और उद्योग स्तर पर संपर्क बढ़ाने पर सहमति जताई. इसके अलावा स्वच्छ ऊर्जा और टिकाऊ तकनीकों में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया गया.

जाम साहब की विरासत का उल्लेख

रणधीर जायसवाल ने बताया कि दोनों नेताओं ने वारसॉ में महाराजा जाम साहब और कोल्हापुर से जुड़े स्मारकों को दोनों देशों की दोस्ती का जीवंत प्रतीक बताया. द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान भारत ने हजारों पोलिश महिलाओं और बच्चों को आश्रय दिया था. संयुक्त वक्तव्य में इस ऐतिहासिक अध्याय को दोनों देशों के रिश्तों की महत्वपूर्ण कड़ी बताया गया. दोनों देशों ने ऑपरेशन गंगा के दौरान यूक्रेन में फंसे 2,000 से अधिक भारतीय छात्रों की सहायता के लिए पोलिश अधिकारियों की भूमिका की सराहना की.

आतंकवाद के खिलाफ भारत-पोलैंड की साझा प्रतिबद्धता

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता के मुताबिक, दोनों देशों ने आतंकवाद और हिंसक उग्रवाद की सभी रूपों में कड़ी निंदा की. इसमें सीमा पार आतंकवाद भी शामिल है. नेताओं ने स्पष्ट किया कि आतंकवाद को किसी भी आधार पर उचित नहीं ठहराया जा सकता. जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल 2025 को हुए आतंकवादी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की गई और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की 1267 प्रतिबंध समिति के तहत नामित आतंकवादी संगठनों और आतंकियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की अपील की गई.

ये भी पढ़ें: वोट चोरी के आरोपों पर अमित शाह का राहुल गांधी पर वार, कहा- 30 साल तक आपको कुछ नहीं मिलना

शिवांग माथुर
शिवांग माथुर

शिवांग माथुर टीवी 9 भारतवर्ष में एसोसियेट एडिटर के रूप में कार्यरत हैं.

Read More