बच्चों में क्या होते हैं प्रदूषण के खतरनाक लक्षण, कैसे करें बचाव, डॉक्टर से जानें

बच्चों में क्या होते हैं प्रदूषण के खतरनाक लक्षण, कैसे करें बचाव, डॉक्टर से जानें

मौसम में बदलाव के साथ बढ़े हुए प्रदूषण ने भी लोगों की मुसीबतें बढ़ाई हुई हैं. इस बीच बच्चों के लिए प्रदूषण के लक्षण क्यों खतरनाक हो जाते हैं, एक्सपर्ट से जानें...

बच्चों को वायु प्रदूषण से बचाना बहुत जरूरी है, क्योंकि इस उम्र में उनके फेफड़े अभी विकसित हो रहे होते हैं. हो सकता है कि बच्चा बिल्कुल स्वस्थ दिखे, सामान्य रूप से खेले-कूदे और उसे खांसी या सांस लेने में कोई परेशानी न हो. लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि प्रदूषण का उसके फेफड़ों पर कोई असर नहीं पड़ रहा है. हवा में मौजूद PM2.5 जैसे बेहद बारीक कण सांस के जरिए फेफड़ों के अंदर तक पहुंचकर सूजन पैदा कर सकते हैं. कई बार इसका असर तुरंत दिखाई नहीं देता.

बच्चों पर प्रदूषण का असर ज्यादा हो सकता है, क्योंकि वे बड़ों के मुकाबले अपने शरीर के आकार के हिसाब से तेजी से सांस लेते हैं. साथ ही, खेलते और दौड़ते समय वे ज्यादा हवा अंदर लेते हैं, जिससे प्रदूषण के संपर्क में आने की मात्रा बढ़ सकती है.

लंबे समय तक प्रदूषित हवा में रहने से फेफड़ों का विकास प्रभावित हो सकता है, उनकी काम करने की क्षमता कम हो सकती है और अस्थमा जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है. जिन बच्चों को पहले से अस्थमा या एलर्जी है, उनकी परेशानी भी बढ़ सकती है.

बच्चों को प्रदूषण से ऐसे बचाएं

डॉ. निखिल राजवंशी (कंसल्टेंट, पीडियाट्रिक पल्मोनोलॉजिस्ट, रेनबो चिल्ड्रन्स हॉस्पिटल) बताते हैं कि माता-पिता को रोजाना अपने इलाके का AQI देखना चाहिए. जब प्रदूषण ज्यादा हो, तो बच्चों को बाहर तेज दौड़ने, खेलने या एक्सरसाइज करने से बचाएं. घर के अंदर भी सिगरेट के धुएं, अगरबत्ती और दूसरे ऐसे स्रोतों से बचें, जो हवा को प्रदूषित करते हैं.

जरूरत के हिसाब से सही एयर प्यूरीफायर, जिसमें HEPA फिल्टर हो, इस्तेमाल करने से घर के अंदर हवा में मौजूद बारीक कणों को कम करने में मदद मिल सकती है.

ये लक्षण दिखें तो डॉक्टर के पास जाएं

बच्चों में लगातार खांसी, रात में खांसी बढ़ना, सांस लेते समय घरघराहट या खेलते समय सांस फूलने जैसे लक्षणों पर ध्यान दें. अगर ऐसी परेशानी हो, तो डॉक्टर से सलाह लें. सबसे जरूरी बात यह है कि बच्चों में लक्षण दिखाई देने का इंतजार न करें. प्रदूषण बढ़ने पर पहले से सावधानी बरतना उनके फेफड़ों की सेहत की रक्षा के लिए बेहद जरूरी है.

मनीष रायसवाल
मनीष रायसवाल

मनीष रायसवाल वर्तमान में टीवी9 डिजिटल में लाइफस्टाइल बीट पर बतौर टीम लीड काम कर रहे हैं. मनीष के करियर की शुरुआत साल 2015 से इंडिया न्यूज के डिजिटल प्लेटफार्म Inkhabar के साथ बतौर सब एडिटर हुई थी. अलग-अलग पड़ावों को पार करते हुए इन्होंने इंडिया न्यूज, अमर उजाला और एनडीटीवी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया है. 2009 से 2012 के बीच जामिया मिलिया इस्लामिया से बीए ऑनर्स मास मीडिया में ग्रेजुएशन और 2012-13 के बीच देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान भारतीय जनसंचार संस्थान (दिल्ली) से डिप्लोमा करने के बाद मनीष पत्रकारिता से जुड़े हैं. मनीष लाइफस्टाइल के अलावा, हेल्थ, सोशल, वुमेन और बाल विकास और ट्रैवलिंग जैसे विषयों पर लिखना पसंद करते हैं. लाइफस्टाइल से जुड़े ज्यादातर टॉपिक्स पर इन्हें नई चीजें सीखने का शौक है.

Read More