सुहाना मौसम, त्योहार, झील के नजारे…अक्टूबर-नवंबर में उदयपुर घूमना रहेगा बेहद खास

सुहाना मौसम, त्योहार, झील के नजारे…अक्टूबर-नवंबर में उदयपुर घूमना रहेगा बेहद खास

ठंडे मौसम और त्योहारों के माहौल का एक साथ अनुभव लेना चाहते हैं, तो उदयपुर बेहतरीन जगह है. मानसून खत्म होते ही यहां का मौसम सुहावना हो जाता है, जो शहर को घूमने और बाहर समय बिताने के लिए एकदम सही है.

अपने ऐतिहासिक महलों, खूबसूरत झीलों और उत्सवों से सजे बाजारों के साथ, झीलों का यह शहर आपको अक्टूबर-नवंबर में आने के कई कारण देता है. चाहे आपको पानी के किनारे शांति चाहिए या भारत के शाही इतिहास को जानना हो, उदयपुर हर तरह के यात्री के लिए कुछ न कुछ खास रखता है. यहां की पहचान सिर्फ झीलों तक सीमित नहीं है. उदयपुर में कई ऐसी जगहें हैं जो इस क्षेत्र के शाही अतीत की झलक दिखाती हैं. हल्की ठंड वाला आरामदायक मौसम इन जगहों को घूमने का अनुभव और भी बेहतर बना देता है.

खासकर उन लोगों के लिए अक्टूबर-नवंबर के दौरान उदयपुर आना बेहद खास रहोगा जो यहां की वास्तुकला और इतिहास को घंटों तक देखना चाहते हैं. तो चलिए जान लेते हैं कि आप राजस्थान के इस शहर में क्या-क्या एक्सप्लोर कर सकते हैं.

सिटी पैलेस

उदयपुर में सिटी पैलेस सबसे प्रसिद्ध आकर्षणों में से एक है, जिसकी भव्य वास्तुकला मेवाड़ के शासकों के इतिहास को दर्शाती है. पर्यटक जगदीश मंदिर भी देख सकते हैं, जो अपनी बारीक नक्काशी के लिए जाना जाता है. सज्जनगढ़ पैलेस, जिसे मानसून पैलेस भी कहते हैं, और बागोर की हवेली भी घूमने लायक हैं, जहां सांस्कृतिक कार्यक्रम राजस्थान की कलात्मक जड़ों को दिखाते हैं.

झीलों की सुंदरता और सूर्यास्त

उदयपुर की पहचान उसकी झीलों से गहराई से जुड़ी है, और मानसून के बाद का समय खास तौर पर खूबसूरत होता है. पिछोला झील और फतेह सागर झील जैसी जलधाराएं भरी हुई होती हैं और गुनगुनी धूप में यहां बैठना कमाल का अनुभव रहेगा. पिछोला झील में नाव की सवारी करना तो बिल्कुल नहीं भूलना चाहिए, यहां से शहर का शानदार नज़ारा दिखता है.

Perfect Month To Visit Udaipur Rajasthan

Image:Pexels

अगर आप अपनी यात्रा में कुछ पल रुककर शांति चाहते हैं, तो उदयपुर के मनमोहक सूर्यास्त आपको ज़रूर पसंद आएंगे. खासकर उन यात्रियों को जो लैंडस्केप फोटोग्राफी पसंद करते हैं या शाम बाहर बिताना चाहते हैं. जैसे ही दिन ढलता है, आस पास की पहाड़ियां, झील का पानी और ऐतिहासिक इमारतें शहर के नज़ारे को बदल देती हैं.

अंबराई घाट करें विजिट

पिछोला झील और उसके किनारे की इमारतों का नज़ारा देखने के लिए अंबराई घाट एक लोकप्रिय जगह है. फतेह सागर झील शाम की सैर के लिए एक और शानदार जगह है, जबकि सज्जनगढ़ पैलेस से शहर का ऊंचा नज़ारा मिलता है. आप हर शाम को गतिविधियों से भरने के बजाय, झीलों के किनारे सुंदर आसमान देखने या शहर के शांत और धीमी गति वाले हिस्से का अनुभव करने के लिए कुछ समय निकाल सकते हैं.

त्योहारों का माहौल और स्थानीय बाजार

अक्टूबर से नवंबर के बीच भारत में त्योहारों का मौसम भी होता है, जब जश्न की तैयारियां स्थानीय बाजारों और खरीदारी वाले इलाकों में एक अलग ही ऊर्जा भर देती हैं. त्योहारों के समय के हिसाब से, आपको दुकानें रोशनी से सजी हुई, रंग बिरंगी चीज़ें और त्योहारों से जुड़े कई सामान देखने को मिलेंगे. दिवाली के समय यहां पर आपको सांस्कृतिक कार्यक्रम से लेकर भव्य मेला तक लगे हुए मिल जाएंगे.

ट्रिप के दौरान बाजार घूमना सिर्फ स्थानीय शिल्पों, पारंपरिक कपड़ों और यादगार चीजों से जुड़ने का एक शानदार मौका नहीं है, बल्कि शहर की रोज़मर्रा की हलचल को देखने का भी एक तरीका है. त्योहारों का माहौल इस अनुभव को और भी खास बना देता है. इसके अलावा उदयपुर की यात्रा यहां के स्थानीय व्यंजनों को चखे बिना अधूरी है. शहर के रेस्टोरेंट दाल बाटी चूरमा और गट्टे की सब्जी जैसे पारंपरिक राजस्थानी व्यंजन पेश करते हैं, जबकि कचौड़ियां और क्षेत्रीय मिठाइयां स्थानीय स्नैक्स का स्वाद लेने का विकल्प देती हैं.

ये भी पढ़ें: कला, कॉफी और खूबसूरत सीटिंगअलग अंदाज के लिए फेमस है काशी आर्ट कैफे

शशि सिंह
शशि सिंह

शशि सिंह टीवी9 डिजिटल हिंदी में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. उत्तर प्रदेश के बरेली शहर से ताल्लुक रखने वाली शशि ने बरेली कॉलेज (महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय) से आर्ट्स से ग्रेजुएशन किया है और अमर उजाला से संबंद्ध इंस्टीट्यूट 'द आरोहन मीडिया स्कूल' से इंटीग्रेटेड डिजिटल मीडिया में पीजी डिप्लोमा कर चुकी हैं. इसके साथ ही अमर उजाला से ही इन्होंने बतौर जूनियर कंटेंट राइटर पत्रकारिता के करियर की शुरुआत की. वह रिलीजन, रिलेशनशिप, फूड, हेल्थ, और मनोरंजन जैसे टॉपिक्स पर लिखती हैं. इन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में तीन सालों से ज्यादा का अनुभव है. वहीं मनोरंजन के साथ राजनीति, क्राइम और देश-दुनिया की खबरों के लेखन में भी दिलचस्पी रखती हैं. इसके अलावा इन्होंने 'टेकवन स्कूल ऑफ मास कम्युनिकेशन' से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री भी ली है. वह किताबें पढ़ने, कविताएं और शायरी लिखने-पढ़ने का शौक रखती हैं और नई-नई चीजों को एक्सप्लोर करना पसंद करती हैं.

Read More